थानाध्यक्ष ने आरोप को बताया बेबुनियाद
छपरा(कोर्ट) : थानाध्यक्ष द्वारा एक घर में घुस कर दो महिलाओं के साथ गाली-गलौज, छेड़छाड़ व मारपीट करने से संबंधित एक मामला सीजेएम न्यायालय में दाखिल किया गया है. मामला दर्ज कराने वाली महिला जनता बाजार थाना क्षेत्र के सेंदुआर निवासी मुन्ना सिंह की पत्नी कुमारी अमृता हैं जिसने इस मामले में स्थानीय थाने के थानाध्यक्ष व सिपाही समेत अन्य को आरोपित बनाया है. आरोप में महिला कही है कि 13 मई को वह अपनी ननद के साथ घर में बैठी थी कि दारोगा अपने सिपाहियों के साथ एकाएक घर में घुस उसके पति को खोजने लगे. घर में इस प्रकार घुसने से मना करने पर वे गाली देते हुए मारपीट करने लगे.
तभी बचाने के लिए 17 वर्षीया ननद आयी तो सिपाही ने उसके साथ मारपीट की. दोनों महिलाओं के चिल्लाने पर ग्रामीण जुट गये और आक्रोशित हो शोर मचाने लगे. ग्रामीणों के आक्रोश को देख दारोगा घर से निकले और लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग की तथा बर्बाद करने की धमकी देते हुए वाहन से भाग गये. सीजेएम ने इस मामले को कार्रवाई के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट में भेजा है. इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष ने कहा कि यह मामला पूरी तरह बेबुनियाद है.
