Samastipur News:बिथान में महिलाओं ने लिखा मतदान का नया अध्याय

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को बिथान प्रखंड में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ.

Samastipur News:बिथान : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को बिथान प्रखंड में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ. सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं. ग्रामीण इलाकों से लेकर बाजार क्षेत्र तक लोकतंत्र के इस पर्व में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. प्रखंड के कुल 128 मतदान केंद्रों पर 67.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. बिथान प्रखंड में कुल 1,02,849 मतदाता पंजीकृत हैं. जिनमें से 69,655 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस बार भी महिलाओं ने अपने जोश और जागरूकता से पुरुषों को पीछे छोड़ दिया. आंकड़ों के अनुसार, मतदान करने वालों में 38,067 महिलाएं और 31,588 पुरुष शामिल रहे. प्रतिशत के हिसाब से महिलाओं का मतदान 78.85% जबकि पुरुषों का 57.88% रहा. सुबह से ही बुजुर्गों से लेकर युवा मतदाताओं तक में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. गांव-गांव से महिलाएं समूह में मतदान केंद्रों तक पहुंचीं. वहीं पहली बार मतदान करने आई युवतियों में भी गजब का जोश था. वोट डालने के बाद नैंसी और मुस्कान ने कहा कि मतदान करना हमारा अधिकार है. अपने भविष्य को मजबूत करने के लिए आज हमने पहली बार वोट दिया. हर युवा को लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही. स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने लगातार गश्त करते हुए मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी. उच्चाधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया. पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ. कुल मिलाकर बिथान में आज लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला. हर वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया. विशेषकर महिलाओं की ऐतिहासिक भागीदारी ने इस चुनाव को यादगार बना दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >