कल्याणपुर: बॉक्स से रुपये निकालने के दौरान सांप ने डसा, इलाज के दौरान महिला की मौत

समस्तीपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गोपालपुर भुट्टा चौक पर एक महिला की सांप के डसने से मौत हो गई. रुपये निकालते समय एक विषैले सांप ने उन्हें काट लिया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में जहरीले सांप के डसने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई. घटना बासुदेवपुर पंचायत के गोपालपुर भुट्टा चौक वार्ड संख्या-9 की है. महिला घर में रखे बॉक्स से रुपये निकाल रही थी, तभी उसे सांप ने डस लिया. पहले गांव में झाड़-फूंक कराई गई, लेकिन हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

रुपये निकालने के दौरान सांप ने डसा

मृतका की पहचान सुखलाल राम की पत्नी गंगाजली देवी (लगभग 60 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गंगाजली देवी घर में रखे बॉक्स से रुपये निकाल रही थीं. इसी दौरान बॉक्स में छिपे एक विषैले सांप ने उनके हाथ में डस लिया.

पहले झाड़-फूंक, फिर अस्पताल

सांप के डसने के बाद परिजन उन्हें तत्काल गांव में झाड़-फूंक के लिए ले गए. हालांकि, उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम नहीं कराया गया

परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया. परिवार अपने स्तर पर बूढ़ी गंडक नदी किनारे अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गंगाजली देवी अपने पीछे तीन विवाहित बेटियां और एक विवाहित पुत्र छोड़ गई हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के उप मुखिया श्याम महतो ने बताया कि महिला मजदूरी कर परिवार के पालन-पोषण में सहयोग करती थीं. उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक और सामाजिक संकट गहरा गया है.

यह भी पढे़ं: समस्तीपुर: नीट मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दलसिंहसराय में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhay Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >