Samastipur News: बिथान प्रखंड की पंचायतों में गांव और मोहल्लों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से संचालित कचरा उठाव योजना कई जगहों पर पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सकी है. ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआत में नियमित रूप से कचरा उठाव किया जाता था, लेकिन अब कई वार्डों में व्यवस्था केवल खानापूर्ति बनकर रह गई है. अंदरूनी मोहल्लों में कई दिनों तक कचरा नहीं उठने से लोगों को गंदगी और दुर्गंध की समस्या झेलनी पड़ रही है.
कई वार्डों में नियमित नहीं हो रहा कचरा उठाव
ग्रामीणों के अनुसार कुछ वार्डों में सफाई कर्मी नियमित रूप से कचरा उठाव कर रहे हैं, जबकि कई वार्डों में कई दिनों तक कर्मियों का पता नहीं चलता. मुख्य सड़क से हटकर बसे मोहल्लों के लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.
बाजार क्षेत्र में रिक्शा के माध्यम से किसी तरह कचरा उठाव हो जाता है, लेकिन अंदरूनी गलियों में रहने वाले लोगों को लंबे समय तक गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है.
गांधी मैदान और पुराने स्वास्थ्य केंद्र के पास कचरे का अंबार
बिथान बाजार स्थित गांधी मैदान के समीप लंबे समय से कचरे का ढेर जमा होने की शिकायत है. वहीं पुराने जर्जर स्वास्थ्य केंद्र भवन के परिसर में भी कचरे का अंबार लगा हुआ है.
कचरा जमा रहने से आसपास के लोगों को दुर्गंध और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई और कचरा उठाव जरूरी है.
लाखों रुपये खर्च के बाद भी व्यवस्था पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि कचरा उठाव योजना पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, इसके बावजूद सभी वार्डों में नियमित व्यवस्था नहीं हो पाना चिंता का विषय है. लोगों ने कहा कि योजना का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक गांव और मोहल्ले में समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए.
ग्रामीणों के अनुसार स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कई बार शिकायत और मांग की गई, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है.
अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई
प्रखंड स्वच्छता पदाधिकारी सुभाष चंद्र गुप्ता ने बताया कि कचरा उठाव व्यवस्था की लगातार जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों की समीक्षा की जाएगी और जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: फुलपरास में बिना लाइसेंस उर्वरक का भंडारण, छापेमारी के बाद प्राथमिकी दर्ज
