Samastipur News:गोविंदपुर में नाट्य मंचन से झलकेगी एकता की भावना

आस्था के महापर्व छठ की तैयारी को लेकर छठ पूजा समिति गोविंदपुर की बैठक स्थानीय उच्च विद्यालय गोविंदपुर के प्रांगण में समिति के अध्यक्ष रामविलास साहू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई.

Samastipur News:रोसड़ा : आस्था के महापर्व छठ की तैयारी को लेकर छठ पूजा समिति गोविंदपुर की बैठक स्थानीय उच्च विद्यालय गोविंदपुर के प्रांगण में समिति के अध्यक्ष रामविलास साहू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई. इसमें आगामी छठ पर्व को भव्य व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष छठ पर्व 25 से 28 अक्टूबर तक श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया जायेगा. यह पर्व सूर्य देव व छठी मैया को समर्पित है,जिसकी शुरुआत नहाय-खाय से होगी. इसके बाद खरना,संध्या अर्घ्य व उषा अर्घ्य के साथ चार दिवसीय यह पर्व सम्पन्न होगा. छठ पूजा समिति ने निर्णय लिया कि दीपावली के बाद गांव की सड़कों व छठ घाटों की सफाई अभियान चलाया जायेगा. जिसमें सभी ग्रामीण युवा सक्रिय रूप से भाग लेंगे. स्वच्छता के साथ-साथ घाटों पर सुंदर सजावट व प्रकाश व्यवस्था की भी योजना बनाई गई है, ताकि व्रती महिलाओं व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इसके अतिरिक्त छठ पर्व के अवसर पर नवयुवक नाट्य कला परिषद गोविंदपुर द्वारा खरना एवं संध्या अर्घ्य के दिन सामाजिक नाटक का मंचन किया जायेगा. यह परंपरा वर्ष 1980 से निरंतर चली आ रही है. जिसके माध्यम से गांव में हिन्दू-मुस्लिम एकता व सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाता है. नाटक मंचन के माध्यम से धार्मिक व सांस्कृतिक जागरूकता के साथ-साथ गांव में भाईचारे की भावना को भी बल मिलता है. बैठक के अंत में समिति ने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वच्छता, श्रद्धा व सामाजिक एकता के साथ इस वर्ष के छठ पर्व को सफल बनाने में सहयोग करें. मौके पर पंकज सिंह, सकलदेव पासवान, विलक्षण पासवान, राजेश पासवान, अशोक साह, घनश्याम राउत, गोपाल कर्ण, नरेश मलिक, दिलीप साह, अभिषेक, श्रवण, सुधांशु, कृष्णा, अमित, मो. तबरेज, मो. जाकिर, फेकन सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >