महिला से लूटपाट: समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भटौरा पंचायत के अख्तबारा गांव (वार्ड 7) में गुरुवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय महिला को पाइप के डंडे से बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया और अलमारी में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व कीमती सामान लूटकर फरार हो गए. घायल महिला रामचंद्र मंडल की पत्नी पूनम देवी हैं.
कमरे में घुसते ही डंडों से पीटा, बिस्तर से घसीटा
पीड़िता ने बताया कि रात करीब 10 बजे वह अपने कमरे में टीवी देख रही थीं. परिवार के अन्य सदस्य मुंबई व अन्य शहरों में रहते हैं, जिसका फायदा उठाकर दो नकाबपोश बदमाश पीछे के रास्ते से दाखिल हुए.
- बर्बरतापूर्वक हमला: बदमाशों ने बिस्तर से नीचे घसीटकर पाइप के डंडों से महिला पर ताबड़तोड़ वार किए.
- चाबी छीनी: जान से मारने की धमकी देकर अलमारी और कमरों की चाबियों का गुच्छा जबरन छीन लिया.
- गहने समेटे: अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे सभी पुश्तैनी जेवर, नकदी व मोबाइल समेट लिए.
- कमरे में किया बंद: भागते वक्त बदमाशों ने महिला को कमरे में बंद कर दिया और पीछे के रास्ते फरार हो गए.
गांव में धार्मिक नवाह संकीर्तन चलने के कारण महिला की चीख-पुकार दब गई. जमीन पर गिरी चाबी से दरवाजा खोलकर महिला बाहर निकलीं और पड़ोसियों को सूचना दी.
पुलिस की कार्यशैली पर भड़के ग्रामीण व जनप्रतिनिधि
वारदात की सूचना डायल-112 और स्थानीय थाने को दी गई, लेकिन पुलिस के तुरंत मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में तीव्र आक्रोश फैल गया.
- लापरवाही का आरोप: पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार, रामबाबू सिंह और सीता राम मंडल ने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी पुलिस ने मौके पर आने के बजाय पीड़िता को थाने बुलाया.
- थाने में शिकायत: शुक्रवार सुबह घायल महिला अपने बेटे व ग्रामीणों के साथ शिवाजीनगर थाने पहुंचीं और लिखित आवेदन दिया.
- इलाज के लिए भर्ती: आवेदन सौंपने के बाद परिजनों ने पीड़िता को शिवाजीनगर पीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है.
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने का भरोसा दिया है. वहीं वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल है.
ये भी पढ़ें: रोसड़ा-बेगूसराय एसएच-55 पर भीषण सड़क हादसा: गंगा स्नान कर लौट रहे दंपती को हाईवा ने कुचला, दोनों की मौके पर मौत
