Samastipur News: राज्य खाद्य निगम (बीएसएफसी) समस्तीपुर के गोदामों से सरकारी खाद्यान्न ढुलाई में कथित अनियमितता और लूट-खसोट के विरोध में ट्रक मालिकों ने सोमवार से जिले के सभी गोदामों से खाद्यान्न उठाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में रविवार को जितवारपुर में जिला मोटर व्यवसायी संघ की बैठक आयोजित की गई.
बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
जिला मोटर व्यवसायी संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीएसएफसी से जुड़े ट्रक मालिकों ने सर्वसम्मति से सोमवार से संपूर्ण जिले में सरकारी खाद्यान्न उठाव का बहिष्कार करने का फैसला लिया.
कम वजन दिखाकर वसूली का आरोप
संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सीडब्ल्यूसी जितवारपुर एवं एसडब्ल्यूसी बाजार समिति में लोडिंग के समय इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटे में कथित छेड़छाड़ कर एक से डेढ़ क्विंटल तक कम वजन दिखाया जाता है. इसके बाद प्रखंड स्तर के पीडीएस गोदामों पर भी धर्मकांटा उपलब्ध रहने के बावजूद हाथ कांटा से वजन कर करीब एक क्विंटल अतिरिक्त शॉर्टेज दिखा दिया जाता है.
उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में प्रत्येक ट्रक पर कुल दो से ढाई क्विंटल तक कम वजन दर्शाकर माल चालान रोक लिया जाता है, जिससे ट्रक मालिकों और चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.
पहले भी की गई थी शिकायत
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में जिला प्रबंधक एवं अनुमंडल पदाधिकारी को कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. उनका आरोप है कि इसी कारण अब ट्रक चालकों की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है.
समाधान तक जारी रहेगा बहिष्कार
संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने कहा कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक जिले में सरकारी खाद्यान्न उठाव का बहिष्कार जारी रहेगा.
बैठक में उपाध्यक्ष विशाल गौरव, सचिव राजबाला राय, उमेश राय, सुनील राय, विपिन राय, चंदन साह, लालू कुमार, राकेश कुमार, अर्जुन पासवान, अरविंद राय, राजेश राय, अजीत राय, गौरी कुमार, बलराम महतो, मंजय राय सहित अन्य ट्रक मालिक उपस्थित थे.
