Samastipur News: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ मोहल्ला में छापेमारी कर एक हाइवा ट्रक से 2196.36 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई. मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि झारखंड नंबर के एक हाइवा ट्रक से अंग्रेजी शराब की खेप लाई जा रही है.
सूचना के आधार पर मद्य निषेध निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
भोजपुर का रहने वाला है चालक
गिरफ्तार चालक की पहचान भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के सुरंगापुर निवासी मंतोष कुमार के रूप में हुई है. वह संत कुमार राम का पुत्र बताया गया है.
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह औरंगाबाद हाईवे से हाइवा ट्रक लेकर आया था. इसके लिए उसे 7 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी.
वाहन जब्त, चालक न्यायिक हिरासत में
उत्पाद विभाग ने शराब से लदे हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार चालक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी शराब खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. मामले में अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
