Samastipur News:ई-शिक्षा पोर्टल पर समिति के गठन में तकनीकी अड़चन

राज्य परियोजना निदेशक ने विद्यालय प्रबंधन एवं संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है.

Samastipur News:समस्तीपुर : राज्य परियोजना निदेशक ने विद्यालय प्रबंधन एवं संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत जिले को निर्देश दिया गया है कि उनके अधीन संचालित प्रत्येक विद्यालय की विद्यालय शिक्षा समिति, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति व विद्यालय प्रबंध समिति से संबंधित विस्तृत जानकारी ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपलोड की जाये. जिले में विद्यालय शिक्षा समिति के गठन को लेकर ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड की प्रगति बहुत ही धीमी पायी गई है. आदेश में यह भी कहा गया है कि केवल समिति गठन की जानकारी ही नहीं, बल्कि समिति की प्रत्येक बैठक की कार्यवाही भी समय पर पोर्टल पर दर्ज की जानी चाहिए. इसके लिए यह नियम बनाया गया है कि बैठक सम्पन्न होने के तीन दिनों के अंदर उसकी कार्यवाही रिपोर्ट अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करनी होगी. शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के बावजूद जिले के 2848 विद्यालयों में से अब तक केवल 184 विद्यालयों ने ही समिति गठन से संबंधित विवरण ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड किया है. इससे विभागीय कार्यप्रणाली, निगरानी व पारदर्शिता को लेकर चिंता बढ़ गई है. कुछ प्रखंडों की स्थिति बहुत ही खराब है. प्रखंडवार स्थिति पर नजर डालें तो कुछ प्रखंड में एक भी विद्यालय द्वारा विद्यालय शिक्षा समिति के गठन का विवरण पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है. संभाग प्रभारी की माने तो ई-शिक्षा पोर्टल पर समिति के गठन में तकनीकी अड़चन आ रही है जिसके कारण अपलोड की गति धीमी है. यह स्थिति तब है जब शिक्षा विभाग ने विद्यालय शिक्षा समिति की कार्यप्रणाली को डिजिटल माध्यम से ट्रैक करने, विद्यालयों से जुड़े डेटा को सुव्यवस्थित रखने व योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया है. इसके अंतर्गत समिति के गठन, अध्यक्ष-सचिव सहित सभी सदस्यों का विवरण, बैठक से संबंधित सूचनाएं व अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन दर्ज किये जाने हैं. डीपीओ एसएसए जमालुद्दीन ने बताया कि ई-शिक्षाकोष पर विद्यालय शिक्षा समिति (वीएसएस) के गठन को अपलोड करने के लिए पोर्टल पर लॉगिन करना होगा और कमेटी सेक्शन में जाकर समिति के सदस्यों, उनके विवरण, और बैंक खाता जानकारी (जैसे खाता संख्या,आईएफएससी कोड) को दर्ज करना होगा. इससे समिति के कार्यप्रणाली को डिजिटल रूप से ट्रैक किया जा सके और डेटा को सुव्यवस्थित रखा जा सकेगा. वीएसएस के गठन एवं उससे संबंधित विवरण को ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है. इसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर होने वाली गतिविधियों, योजनाओं और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है. तय समय सीमा के भीतर ई-शिक्षा कोष पर जानकारी अपलोड नहीं करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी. विदित हो कि विद्यालय शिक्षा समिति, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति तथा विद्यालय प्रबंध समिति की जिम्मेदारी विद्यालय की गतिविधियों की निगरानी, विकास कार्यों की अनुश्रवणी, बजट एवं योजनाओं की समीक्षा और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है. इन समितियों के माध्यम से विद्यालय स्तर पर पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >