Samastipur News: उत्तरी परिक्षेत्र बिहार के डाक महाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बुधवार को समस्तीपुर प्रधान डाकघर का वार्षिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने डाकघर के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्य करने के निर्देश दिए.
विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डाक महाध्यक्ष ने पासपोर्ट सेवा केंद्र, आधार सेवा केंद्र, सीपीसी शाखा, बचत बैंक (एसबी) काउंटर, डब्ल्यूसीटीसी शाखा, लेखा कार्यालय, मेल शाखा तथा डिविजनल कार्यालय का गहन अवलोकन किया.
उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा पर संतोष व्यक्त करते हुए डाक अधीक्षक एवं सभी कर्मियों की सराहना की.
विभागीय व्यवसाय बढ़ाने पर दिया जोर
निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में डाक महाध्यक्ष ने डाक अधीक्षक, डाक निरीक्षकों, मेल ओवरसियर, ग्रुप-सी, एमटीएस, पोस्टमैन तथा ग्रामीण डाक सेवक संघ के प्रतिनिधियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की.
उन्होंने पार्सल बुकिंग, स्पीड पोस्ट, ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई), डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और विभिन्न बचत योजनाओं के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्य आधारित कार्य करने का निर्देश दिया.
कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं
बैठक के अंत में डाक महाध्यक्ष ने कर्मचारियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.
इससे पहले डाक अधीक्षक रॉबिनचंद्र ने अर्धनारीश्वर भगवान का चित्र, हरित पौधा और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया. वहीं नेशनल यूनियन ग्रामीण डाक सेवक संघ, समस्तीपुर के सचिव राकेश कुमार ने फलदार पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया.
इस अवसर पर डाक निरीक्षक मृत्युंजय कुमार, विक्की कुमार, विक्रम कुमार, धनंजय कुमार, धनंजय कुमार झा, उमेश कुमार, मनोज कुमार साह, संजय सुमन, डाक सहायक मुकेश कुमार, संजीव कुमार, प्रणव कुमार, शंभू कुमार, देवदत्त सिंह, रामदेव सिंह, रमाकांत राय, एमटीएस राकेश कुमार, अमित कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
