समस्तीपुर के स्कूल में छात्र की पिटाई का आरोप, बेहोश होने के बाद अस्पताल में भर्ती

समस्तीपुर के आधारपुर में एक स्कूल में शिक्षिका और छात्र के बीच विवाद गहरा गया है. छात्र पक्ष ने मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं शिक्षिका ने छात्र पर धमकी देने का दावा किया है. मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.

Samastipur News: ताजपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आधारपुर टोलेनासी में शिक्षिका और छात्र के बीच विवाद का मामला सामने आया है. छात्र पक्ष ने शिक्षिका पर सातवीं कक्षा के छात्र की पिटाई करने का आरोप लगाया है, जबकि शिक्षिका ने दावा किया है कि छात्र ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी थी. मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं.

छात्र पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप

पीड़ित छात्र के परिजनों के अनुसार, शिक्षिका सुरभि ने शुक्रवार को भी छात्र के साथ मारपीट की थी और शनिवार को दोबारा उसकी पिटाई की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया. इसके बाद छात्र को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया.

घटना के बाद विद्यालय के कुछ अन्य छात्र-छात्राओं ने भी शिक्षिका पर मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं.

शिक्षिका ने आरोपों पर दी सफाई

शिक्षिका सुरभि ने छात्र के साथ मारपीट की बात स्वीकार की, लेकिन इसे आत्मरक्षा और आक्रोश में की गई प्रतिक्रिया बताया. उनका कहना है कि छात्र लगातार होमवर्क पूरा नहीं कर रहा था. जब उसे डांटा गया तो उसने कथित रूप से उन्हें गोली मारने की धमकी दी. शिक्षिका के अनुसार, इसी के बाद उन्होंने छात्र को थप्पड़ मारे.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं. ऐसे में घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने मामले का संज्ञान लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prakash kumar

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >