Samastipur News: देश की शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, NEET पेपर लीक और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के बैनर तले समस्तीपुर में आक्रोश मार्च निकाला गया. 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत चांदनी चौक से समस्तीपुर कॉलेज तक निकले मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई.
Congress Party: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
NSUI जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा के नेतृत्व में निकले मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. छात्रों का आरोप था कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है. मार्च के समापन पर समस्तीपुर कॉलेज परिसर में सभा आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपाध्यक्ष विवेक विराट तथा संचालन छात्र नेता नवनीत यादव ने किया.
शिक्षा व्यवस्था और कॉलेज नियंत्रण पर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राज्य सरकार द्वारा यूजी डिग्री कॉलेजों के नियंत्रण से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए. साथ ही जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया. जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
युवा कांग्रेस नेता अमन राय, अजय यादव और नवनीत यादव ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. कार्यक्रम में ललन यादव, हिमांशु शेखर, भरत कुमार, सुमन कुशवाहा, बिरजू कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
