स्टेशन से लापता मासूम विभूतिपुर में मिला, CCTV और टावर डंप से जांच तेज

समस्तीपुर जंक्शन से तीन साल का बच्चा केतन कुमार लावारिस हालत में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा बगीचा से बरामद किया गया है. जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. पुलिस अब अपहरणकर्ता की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तेजी से जांच कर रही है.

Samastipur News: समस्तीपुर जंक्शन से लापता हुआ तीन वर्षीय बच्चा केतन कुमार सकुशल बरामद कर लिया गया है. बच्चा विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा बगीचा में लावारिस हालत में मिला. सूचना मिलने के बाद जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया. पुलिस अब अपहरणकर्ता की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर रही है.

 भरपुरा बगीचा से मिला मासूम

शुक्रवार शाम मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि सिंघियाघाट के पास भरपुरा बगीचा में एक छोटा बच्चा लावारिस हालत में मिला है. बच्चे का फोटो परिजनों को भेजा गया, जिसके बाद उन्होंने उसकी पहचान केतन कुमार के रूप में की. सूचना मिलते ही जीआरपी थाना, आरपीएफ और विभूतिपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया.

CCTV और मोबाइल टावर डंप से जांच

रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि अपहरणकर्ता की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. उसकी तलाश के लिए स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही मोबाइल डाटा टावर डंप के आधार पर भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

स्टेशन से ऐसे हुआ था लापता

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को कंचन देवी अपने तीन वर्षीय पुत्र केतन कुमार के साथ समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर बैठी थीं. वह यात्री बेंच पर सो गईं, जबकि बच्चा पास में खेल रहा था. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को कुरकुरे खिलाते हुए गोद में उठाकर वहां से चला गया. नींद खुलने पर बच्चे के गायब होने की जानकारी मिली. काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.

न्यायालय के आदेश के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा बच्चा

थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद बच्चे को फिलहाल उसके माता-पिता के संरक्षण में थाना परिसर में रखा गया है. न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे विधिवत परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा. इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर पीके चौधरी, बालमुकुंद कुमार, राधेश्याम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.

यह भी पढ़ें: जर्जर सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, 10 साल से जलजमाव की समस्या


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Aman gautam

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >