Samastipur News: सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों एवं शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों के संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों में आंदोलन के दौरान हो रहे उपद्रव और अशांति को लेकर चर्चा की गई. प्रशासन ने छात्रों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की.
छात्रों से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील
एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं. किसी भी बहकावे में आकर कानून अपने हाथ में लेना उनके भविष्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों और कोचिंग संचालकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को जागरूक करें ताकि कोई भी छात्र हिंसक गतिविधियों में शामिल होकर अपना करियर प्रभावित न करे.
एसडीपीओ ने अफवाहों से दूर रहने की दी सलाह
सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने छात्रों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि से बचते हुए विद्यार्थी अपने लक्ष्य और पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें. प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
कोचिंग संचालकों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद कोचिंग संस्थानों के संचालकों और छात्र संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन की पहल का स्वागत किया. उन्होंने आश्वासन दिया कि वे अपने संस्थानों और छात्र समूहों के माध्यम से शांति, अनुशासन और सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाएंगे तथा छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करेंगे.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर बंद 2026 LIVE अपडेट: बंदी को लेकर प्रशासन अलर्ट, चौक-चौराहों पर भारी पुलिसबल तैनात
