मोहिउद्दीननगर में बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, तटवर्ती इलाकों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी है, जो 44.90 मीटर तक पहुंच गया है, खतरे के निशान से मात्र 0.60 मीटर नीचे. समस्तीपुर के तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण कर एसडीएम ने बाढ़ की तैयारियों का जायजा लिया.

Samastipur Flood News: गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी विकास पांडेय ने अधिकारियों के साथ मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण किया. एसडीएम ने माधोपुर सरारी, रसलपुर, बिशनपुर बेड़ी, सुल्तानपुर एवं घटहटोल क्षेत्रों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से गंगा के जलस्तर और तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

तटवर्ती क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान एसडीएम विकास पांडेय ने संभावित बाढ़ को लेकर स्थानीय स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से नदी के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की.

एसडीएम ने कहा कि पिछले वर्ष की स्थिति की तुलना में इस समय गंगा के जलस्तर में सामान्य गति से वृद्धि हो रही है. फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है. संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

सीओ को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक का निर्देश

एसडीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संभावित बाढ़ को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त कर बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्य को बेहतर तरीके से संचालित किया जाए.

प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाना है.

44.90 मीटर पहुंचा गंगा का जलस्तर

जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता मनीष गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को गंगा का जलस्तर 44.90 मीटर पर पहुंच गया. नदी का खतरे का निशान 45.50 मीटर है. इस तरह गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से फिलहाल 0.60 मीटर नीचे है.

उन्होंने बताया कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि की प्रवृत्ति बनी हुई है. जलस्तर बढ़ने के कारण नदी का पानी मटिऔर, सुल्तानपुर सहित अन्य दियारा और ढाब क्षेत्रों में तेजी से फैलने लगा है.

प्रशासन ने बाढ़ को लेकर तैयारी पूरी होने का किया दावा

गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के बीच प्रशासन तटवर्ती इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ाने और संभावित बाढ़ की स्थिति में राहत कार्य को लेकर तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.

निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार, सीओ अभिषेक कुमार, संतोष कुमार, विवेक कुमार सिंह, राजस्व अधिकारी सृष्टि सागर, विधायक राजेश कुमार सिंह के प्रतिनिधि रविश कुमार सिंह, जितेंद्र चौहान, अरुण सिंह, मनीष सिंह, कामो सिंह, नंदकिशोर सिंह, भीम सिंह और कुंदन कुमार महतो सहित अन्य मौजूद थे.

यह भी पढ़ें

सिमरी बख्तियारपुर के पास जानकी एक्सप्रेस का इंजन फेल, दो घंटे लेट पहुंची समस्तीपुर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >