Sanitation Workers Strike: नगर परिषद के सफाई कर्मियों, डेली वेजेज कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को चौथे दिन भी जारी रही. तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मचारियों ने शहर में आक्रोश मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया.
शहर में निकाला आक्रोश मार्च
आक्रोश मार्च नगर परिषद कार्यालय से शुरू होकर स्टेशन चौक, गुदरी रोड, मेन बाजार, गांधी रोड और महावीर चौक होते हुए पुनः नगर परिषद कार्यालय पहुंचा. इसके बाद प्रेम राम, रवि कुमार और सीताराम की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की.
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा
कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. उनका कहना है कि जब तक उनकी तीन सूत्री मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा.
सफाई व्यवस्था पर पड़ने लगा असर
लगातार जारी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है. कई इलाकों में कचरे का उठाव नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
यह भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ा, लेकिन 80 फीसदी छात्र रहते हैं गायब; शिक्षकों की चिंता बढ़ी
