बूढ़ी गंडक तट पर योग दिवस का आयोजन, नदियों को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प

Samastipur Yoga Day Program: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समस्तीपुर के बूढ़ी गंडक स्थित प्रसाद घाट पर जिला गंगा समिति ने विशेष योग शिविर आयोजित किया. अधिकारियों और युवाओं ने सामूहिक योगाभ्यास के साथ नदियों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. जानिए खबर विस्तार से...

समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट

Samastipur Yoga Day Program: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति की ओर से समस्तीपुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी के प्रसाद घाट पर विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और युवाओं ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

अधिकारियों ने युवाओं को किया प्रेरित

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, वरीय उप समाहर्ता धर्मराज, जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार, नोडल पदाधिकारी अजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार, एनएसएस जिला नोडल पदाधिकारी लक्ष्मण यादव, समस्तीपुर कॉलेज की डॉ. शालिनी कुमारी और महिला कॉलेज की डॉ. रिंकी कुमारी सहित कई अधिकारियों और शिक्षाविदों ने युवाओं को योग एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया. जिला गंगा समिति की ओर से अतिथियों को शॉल, पाग और पौधा देकर सम्मानित किया गया.

नदियों को स्वच्छ रखने की दिलाई शपथ

अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने उपस्थित लोगों को नदियों और जलाशयों को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन के लिए योग तथा जल स्रोतों का संरक्षण दोनों समान रूप से आवश्यक हैं.

योग गुरु ने कराया सामूहिक योगाभ्यास

योग शिक्षक राजेंद्र कुमार सिंह उर्फ राजू के निर्देशन में प्रतिभागियों को ताड़ासन, भुजंगासन, वृक्षासन, शवासन, कपालभाति और अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया. उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर और सिवान की 471 बेटियों ने लिया देश सेवा का संकल्प, दीक्षांत परेड के बाद झूम उठा परिसर

नदी किनारे योग के महत्व पर दिया गया जोर

डीपीओ नीरजेश कुमार ने कहा कि नदियों से जुड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है. नदी तट पर योग करने से स्वच्छ प्राणवायु मिलती है और प्रकृति के साथ जुड़ाव बढ़ता है. खुले आसमान और नदी की शीतलता के बीच योग करने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.

पौधारोपण के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम का समापन “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर किया गया. अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त और अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधे लगाए. कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, माय भारत के सैकड़ों स्वयंसेवकों के साथ सुमित कुमार, राहुल कुमार, मो. अली, सुधांशु रंजन, अंशु और पवन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी, जानिए स्टेटस चेक करने से लेकर रजिस्ट्रेशन तक की पूरी प्रक्रिया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >