कल्याणपुर के माता सती स्थान का होगा कायाकल्प, सरकार ने दी 379.99 लाख रुपये की स्वीकृति

Samastipur Tourism: समस्तीपुर के कल्याणपुर प्रखंड स्थित ध्रुवगामा के प्रसिद्ध माता सती स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए बिहार सरकार ने 379.99 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. योजना के तहत मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विकास होगा, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा.

Samastipur Tourism: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित ध्रुवगामा के प्रसिद्ध माता सती स्थान के विकास का रास्ता साफ हो गया है. बिहार सरकार ने इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है. पर्यटन विभाग ने इसके लिए 379.99 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है. योजना की घोषणा के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है.

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा मंदिर परिसर

पर्यटन विभाग की योजना के तहत माता सती स्थान परिसर में आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार, बाउंड्री वॉल, श्रद्धालुओं के बैठने एवं विश्राम के लिए आधुनिक शेड, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे. इसके अलावा पूरे परिसर में पेवर ब्लॉक, आकर्षक लाइटिंग और हरित सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा.

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

माता सती स्थान के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है. बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे क्षेत्र की पहचान और भी मजबूत होगी.

स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

ग्रामीण आस्तिक प्रसाद सिंह और मदन मोहन प्रसाद सिंह ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा. श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों, होटल एवं छोटे व्यवसायियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

लंबे समय से उठ रही थी मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि माता सती स्थान को पर्यटन मानचित्र पर शामिल करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. अब सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Girija nandan sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >