प्रतिनिधि, पूसा. वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया बिष्णुपुर गांव स्थित मलंग स्थान के पास सोमवार सुबह स्कूल जा रही 19 वर्षीय छात्रा सुमन कुमारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतका कैजिया बिष्णुपुर वार्ड-14 निवासी उमेश कुमार ठाकुर की पुत्री थी और कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय वैनी में 12वीं की छात्रा थी. बदमाश ने छात्रा के सीने के आसपास चार गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
छेड़खानी से परेशान थी छात्रा, परिवार को दी थी जानकारी
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक चंदौली गांव का रहने वाला है. बताया गया कि वह पिछले कई दिनों से छात्रा को स्कूल आते-जाते परेशान करता था और जान से मारने की धमकी भी दे चुका था. छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिवार को दी थी, लेकिन मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा. परिजनों का कहना है कि समय रहते शिकायत की जाती तो शायद यह घटना नहीं होती.
बाल खींचकर मारी चार गोलियां, मौके से फरार हुआ आरोपी
ग्रामीणों के अनुसार छात्रा पैदल स्कूल जा रही थी. तभी बाइक सवार आरोपी ने उसे ओवरटेक कर रोका, बाल पकड़कर सीने के पास चार गोलियां मार दीं और मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर वैनी थाना पुलिस पहुंची और घटनास्थल से चार खोखा बरामद किए.
शव उठाने से रोका, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने विभिन्न मांगों को लेकर पहले शव उठाने का विरोध किया और बाद में वैनी थाना के सामने पूसा-ताजपुर मार्ग को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई.
एसपी पहुंचे मौके पर, आरोपी की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर एसपी अरबिंद प्रताप सिंह, एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय, एफएसएल और डीआईयू की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है. छात्रा के पिता उमेश कुमार ठाकुर के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
विद्यालय में शोकसभा, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय में शोकसभा आयोजित की गई. विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमलेश कुमार झा ने बताया कि सुमन एक मेधावी छात्रा थी और पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहती थी. शोकसभा के बाद विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया. इधर, छात्रा की मां संगीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है.
