Railway Viral Video: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पिछले 10-15 दिनों से समस्तीपुर मंडल के कई स्टेशनों को लेकर भ्रामक वीडियो तेजी से प्रसारित किये जा रहे हैं. इन वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पानी में डूब गये हैं. समस्तीपुर रेल प्रशासन ने इन वीडियो और दावों को पूरी तरह असत्य, भ्रामक और निराधार बताया है.
रेल प्रशासन के अनुसार, संबंधित स्टेशनों पर रेल परिचालन और यात्री सुविधाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं. यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं है और ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से जारी है.
वायरल वीडियो पर रेलवे ने दर्ज करायी शिकायत
समस्तीपुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि मामले को रेल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किये जा रहे भ्रामक वीडियो और दावों के संबंध में संबंधित प्लेटफॉर्म्स पर विधिवत शिकायत और आपत्ति दर्ज करायी गयी है.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले ऐसे वीडियो और दावों पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करने की अपील की है.
अफवाह फैलाने वाले प्रोफाइलों पर कार्रवाई
रेल प्रशासन ने बताया कि भ्रामक वीडियो पोस्ट करने और अफवाह फैलाने वाले संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल और व्यक्तियों को चिन्हित किया जा रहा है. उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है.
रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों में अनावश्यक दहशत फैलाने वाले ऐसे भ्रामक कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया स्टेशनों पर रेल परिचालन एवं यात्री सुविधाएं सामान्य रूप से चल रही हैं.
यह भी पढ़ें
Janmashtami 2026: रामपट्टी बाजार में कठपुतली से कंस वध की लीला, देखने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
