समस्तीपुर में पुलिस को चकमा देकर महिला बंदी फरार, ड्यूटी पर सोते रह गए पुलिसकर्मी

Bihar News: समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना से देर रात एक महिला बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई. इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Bihar News: समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना से एक महिला बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है. देर रात पुलिस को चकमा देकर महिला थाने से भाग निकली, जिससे पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, केवटा गांव की रहने वाली रितु कुमारी के आवेदन पर एक मामला दर्ज किया गया था. इसी मामले में उमेश राय की पत्नी को पूछताछ के लिए दलसिंहसराय थाना लाया गया था. महिला को थाने में महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में रखा गया था, ताकि उससे पूछताछ की जा सके.

ड्यूटी के दौरान सो गई पुलिसकर्मी

बताया जा रहा है कि देर रात ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को नींद आ गई. इसी का फायदा उठाकर बंदी महिला वहां से चुपचाप फरार हो गई. घटना का पता चलते ही थाने में अफरातफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई.

पुलिस ने शुरू की सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में खोजबीन तेज कर दी है. कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है. महिला को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लगातार कार्रवाई कर रही है.

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने कहा है कि इस मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है. जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस विभाग इस घटना को गंभीरता से ले रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. बताया जा रहा है कि महिला बंदी को महिला हाजत में रखने के बजाय पुलिस बैरक में रखा गया था, जो नियमों के खिलाफ है. पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.

Also Read: बिहार के इस जिले में 7 अप्रैल से चलेगा बुलडोजर, रेलवे की नोटिस से कई परिवारों को बेघर होने का खतरा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >