Samastipur Train Fire: समस्तीपुर-सहरसा सवारी गाड़ी में आग लगने की भीषण घटना के बाद रेल प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है. समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर लगातार कैंप कर रही है. घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने हाई लेवल इंक्वायरी (उच्चस्तरीय जांच) शुरू कर दी है.
डीआरएम के नेतृत्व में जांच टीम कर रही छानबीन
जांच दल में पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के पीसीएमई, पीसीएससी और रेल आईजी समेत कई वरीय अधिकारी शामिल हैं.
- क्षतिग्रस्त बोगियों की जांच: अधिकारियों की टीम ने जले हुए इंजन और बोगियों का बारीकी से निरीक्षण किया है.
- यात्रियों से पूछताछ: ट्रेन में सवार यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर बयान दर्ज किए गए हैं.
- अन्य ट्रेनों की तलाशी: सुरक्षा के लिहाज से सुपौल-पुणे एक्सप्रेस के चप्पे-चप्पे की जांच की गई.
- पेंट्रीकार का निरीक्षण: डीआरएम के नेतृत्व में टीम ने ट्रेनों के पेंट्रीकार सहित अन्य डिब्बों की सघन तलाशी ली है.
सुबह 3:44 बजे धू-धू कर जलने लगी थी ट्रेन
उल्लेखनीय है कि सुबह करीब 3:44 बजे समस्तीपुर से सहरसा जा रही सवारी गाड़ी जैसे ही सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के पास पहुंची, अचानक धू-धू कर जलने लगी. आग की लपटें देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए बोगियों से कूदकर स्टेशन की ओर भागे. स्थानीय रेल कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: पचगामा में विद्यालय के विकास पर मंथन, विधायक वीरेंद्र कुमार ने दिया हर संभव सहयोग का आश्वासन
