वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में सलेक्शन, समस्तीपुर में जश्न का माहौल

Samastipur News: समस्तीपुर के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का भारतीय पुरुष टी-20 टीम में चयन होने पर ताजपुर और मोतीपुर में जश्न का माहौल है. फिलहाल श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला में सभी की नजरें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं. पढ़ें पूरी खबर…

समस्तीपुर से सुभीत कुमार सिंह की रिपोर्ट

Samastipur News: समस्तीपुर के ताजपुर का नाम एक बार फिर पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है. जिले के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय पुरुष टी-20 टीम में जगह बनाकर नया इतिहास रच दिया है. महज 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय टीम में चयन होने के बाद उनके गांव मोतीपुर से लेकर पूरे बिहार में खुशी का माहौल है. परिवार, दोस्त और क्रिकेट प्रेमी इस उपलब्धि को बिहार क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं.

सबसे कम उम्र में डेब्यू का मौका

वैभव का चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखला और आगामी एशियाई खेलों के लिए किया गया है. चयन के समय उनकी उम्र सिर्फ 15 वर्ष 71 दिन है. ऐसे में यदि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बन सकते हैं.

गांव में जश्न, हर चेहरे पर खुशी

सूचना के बाद गांव में पटाखा जलाते लोग

टीम में चयन की खबर सामने आते ही मोतीपुर गांव में जश्न शुरू हो गया. लोगों ने मिठाइयां बांटी, आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया. ग्रामीणों का कहना है कि वैभव ने साबित कर दिया है कि छोटे गांवों की प्रतिभा भी बड़े मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती है.

इंडिया-ए से टीम इंडिया तक का सफर

वैभव फिलहाल श्रीलंका में आयोजित त्रिकोणीय श्रृंखला में इंडिया-ए टीम का हिस्सा हैं. इससे पहले उन्होंने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार का प्रतिनिधित्व कर अपनी पहचान बनाई. अंडर-19 क्रिकेट और आईपीएल में दमदार प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं का भरोसा उन पर और मजबूत हुआ.

संघर्ष से सफलता तक का सफर

फोन पर बात करते वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी

वैभव की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत और परिवार का त्याग रहा है. उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका रुझान देखा और प्रशिक्षण दिलाना शुरू किया. बाद में समस्तीपुर और पटना में नियमित अभ्यास ने उनकी प्रतिभा को नई दिशा दी.

अकादमी में भी मनाया गया जश्न

समस्तीपुर के पटेल मैदान स्थित क्रिकेट अकादमी में भी खुशी का माहौल देखने को मिला. उनके कोच ने खिलाड़ियों के साथ मिठाई बांटते हुए कहा कि वैभव की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है. वहीं पिता संजीव सूर्यवंशी ने इसे परिवार और बिहार के लिए गर्व का पल बताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >