Samastipur News: कुत्तों के 'आतंक' पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, जल्द खुलेगा एबीसी सेंटर

Samastipur News: नगर निगम अब शहर को आवारा कुत्तों के आतंक से मुक्त करेगा. जल्द ही एबीसी सेंटर खोलकर कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा. टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे राहगीरों और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सकेगा. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: शहर की सड़कों और गलियों में अब राहगीरों को आवारा कुत्तों के डर से हाथ में पत्थर या लाठी लेकर नहीं चलना पड़ेगा. समस्तीपुर नगर निगम ने आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी और उनके बढ़ते हमलों से जनता को निजात दिलाने के लिए कमर कस ली है. शहर में जल्द ही एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर की स्थापना की जाएगी, जिससे कुत्तों के आतंक पर लगाम लगेगी.

एजेंसी चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू

नगर निगम प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए टेंडर (NIT) जारी कर दिया है. इसके तहत एक विशेषज्ञ एजेंसी का चयन किया जाएगा, जो वैज्ञानिक और मानवीय तरीके से कुत्तों की नसबंदी करेगी. चयनित एजेंसी न केवल नसबंदी करेगी, बल्कि कुत्तों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन भी लगाएगी, ताकि शहर को रेबीज मुक्त बनाया जा सके.

प्रधान सचिव के निर्देश पर एक्शन मोड

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है. प्रधान सचिव ने स्पष्ट किया है कि एबीसी सेंटर का संचालन मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत होना चाहिए. इसी सख्ती के बाद नगर निगम एजेंसी चयन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने में जुट गया है.

क्यों पड़ी इस केंद्र की जरूरत

पिछले कुछ महीनों में समस्तीपुर के विभिन्न वार्डों में डॉग बाइट की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. सुबह की सैर हो या बच्चों का स्कूल जाना, आवारा कुत्तों के झुंड ने लोगों का जीना दूभर कर दिया था. स्थानीय नागरिकों की लंबी मांग के बाद अब नगर निगम ने यह ठोस कदम उठाया है.

कैसे काम करेगा एबीसी सेंटर

मेयर अनीता राम ने बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों से कुत्तों को पकड़कर सेंटर लाया जाएगा. वहां उनकी सर्जरी (नसबंदी) और टीकाकरण के बाद उन्हें वापस उसी क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा. इस प्रक्रिया से कुत्तों की आक्रामकता कम होगी और उनकी आबादी पर भी नियंत्रण लगेगा. इस पहल से समस्तीपुर के लोगों ने राहत की सांस ली है.

समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >