Samastipur News: भाषा के रंगों से सराबोर हुआ पीआरडी इंटर स्कूल, भारतीय भाषा समर कैंप का शानदार आगाज

Samastipur News: पीआरडी इंटर स्कूल में 'भारतीय भाषा समर कैंप' शुरू हुआ है. खेल-खेल में भाषा सीखने और रोल प्ले जैसी गतिविधियों के जरिए छात्र अपनी भाषाई जड़ों से जुड़ रहे हैं, जिससे उनमें भारी उत्साह देखा जा रहा है. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News:  बच्चों की रचनात्मकता को नई उड़ान देने और उन्हें भाषाई जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से स्थानीय प्रभावती रामदुलारी (PRD) इंटर विद्यालय में ‘भारतीय भाषा समर कैंप’ का भव्य शुभारंभ हुआ. ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित इस विशेष कैंप को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्रधानाध्यापक सुभीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिन्होंने शिक्षा में भाषा के महत्व पर जोर दिया. पूरे कार्यक्रम का संचालन डॉ. बेबी कुमारी ने किया.

रोचक गतिविधियों से सीखी भाषा की बारीकियां

कैंप के पहले दिन का मुख्य आकर्षण ‘बुनियादी भाषाई कौशल’ रहा. यहाँ विद्यार्थियों को किताबी बोझ से दूर रखकर खेल-खेल में भाषा सीखने के गुर सिखाए गए. प्रथम सत्र में छात्रों को दूसरों से संवाद शुरू करने के शिष्टाचार, अभिवादन और परिचय के तरीके बताए गए. इसके साथ ही वर्णमाला, अक्षरों की बनावट और दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली सामान्य शब्दावली का अभ्यास कराया गया.

फ्लैश कार्ड और रोल प्ले का दिखा जादू

शिक्षकों ने शिक्षण को रोचक बनाने के लिए फ्लैश कार्ड और रोल प्ले (अभिनय) जैसी आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया. विद्यार्थियों ने छोटे-छोटे नाटकों के माध्यम से व्यावहारिक भाषा सीखी, जिससे उनके आत्मविश्वास में स्पष्ट वृद्धि देखी गई. खेल-खेल में सीखने की इस पद्धति ने छात्रों को काफी प्रभावित किया.

भाषाई कौशल निखारने की अनूठी पहल

विद्यालय परिसर छात्रों के उत्साह और उमंग से जीवंत हो उठा है. शिक्षकों का मानना है कि यह कैंप आने वाले दिनों में छात्रों के भाषाई कौशल को निखारने और उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा. ग्रीष्मकालीन अवकाश का यह सदुपयोग बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक बनेगा.

समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >