Samastipur News: जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मऊ बाजार में गुरुवार की शाम दुकान खाली कराने के विवाद को लेकर अचानक भारी हिंसक झड़प हो गई. देखते ही देखते पूरा बाजार गोलियों की गूंज से थर्रा उठा. जमीन मालिक और दुकानदार के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही कड़वी तकरार ने आखिरकार एक खौफनाक मोड़ ले लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. सरेआम हुई इस गोलीबारी और हिंसक तस्वीर को देख बाजार के आम व्यवसायियों ने डर के मारे आनन-फानन में अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं और खुद को सुरक्षित स्थानों पर छुपा लिया.
बीच बाजार में चलीं कई राउंड गोलियां
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विवादित दुकान को खाली कराने की नीयत से एक पक्ष के लोग भारी संख्या में लाठी, डंडे और कंक्रीट के रोड-पत्थर लेकर मऊ बाजार पहुंचे और वहां जमकर हंगामा काटना शुरू कर दिया. देखते ही देखते दूसरा पक्ष भी सामने आ गया और दोनों गुट आपस में भिड़ गए. शुरुआती दौर में दोनों ओर से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया. हिंसक झड़प जैसे-जैसे बढ़ती गई, दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों पर उतारू हो गए. इसी बीच, हिंसक मोड़ लेते हुए एक पक्ष के एक युवक ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और सरेआम कई राउंड गोलियां दागनी शुरू कर दीं. बीच बाजार में अचानक हुई इस फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस सनसनीखेज वारदात का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह एक युवक हाथ में पिस्टल लहराते हुए बेखौफ होकर गोलियां चला रहा है और बाजार में भगदड़ मची हुई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची, जिसके बाद मामला शांत हुआ. हालांकि, सरेआम हुई इस वारदात के बाद भी दोनों पक्षों के बीच कड़ा आक्रोश और तनाव बरकरार है.
पुलिस को नहीं मिला आवेदन
इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष (SHO) सूरज कुमार ने बताया कि मऊ बाजार की घटना को लेकर फिलहाल अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लिया है और दोषियों की पहचान व उनकी गिरफ्तारी के लिए कड़ाई से कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा है पूरा विवाद
सूत्रों की मानें तो इस पूरे खूनी खेल के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री का विवाद है. कुछ दिनों पूर्व ही एक पक्ष ने कीमती जमीन को खरीदा था, जिस पर पहले से ही एक मकान और दुकान बनी हुई है. इस दुकान को पूर्व में किराए पर लेकर दूसरा पक्ष लंबे समय से अपना व्यवसाय चला रहा था. नया जमीन मालिक लगातार दुकान खाली करने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर दोनों में कड़ा तनाव चल रहा था और आखिरकार गुरुवार की शाम यह विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. पुलिस इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है.
समस्तीपुर से गिरिजानंदन की रिपोर्ट
