22 जुलाई को समस्तीपुर नगर निगम में तालाबंदी, टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ पार्षदों का बड़ा आंदोलन

समस्तीपुर नगर निगम में बढ़ते टैक्स, जलजमाव और पेयजल संकट जैसे मुद्दों पर पार्षदों का आक्रोश बढ़ गया है. 22 जुलाई से मुख्य कार्यालय में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय लोग भी आंदोलन के साथ हैं.

Samastipur News: नगर निगम समस्तीपुर में बढ़े हुए टैक्स, जलजमाव, पेयजल संकट और अन्य जनसमस्याओं को लेकर पार्षदों और स्थानीय प्रशासन के बीच टकराव गहरा गया है. इन मुद्दों के विरोध में 22 जुलाई 2026 को नगर निगम मुख्य कार्यालय में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य सह वार्ड पार्षद विकास कुमार और वार्ड पार्षद शिव शम्भू कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर को पत्र देकर आंदोलन की पूर्व सूचना दी है.

 Nagar Nigam News: महापौर और नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

पार्षदों ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि नगर निगम प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील नहीं है. उनका कहना है कि महापौर और नगर आयुक्त को कई बार शहर की समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन किसी भी मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. इससे जनता में भारी नाराजगी है.

22 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना

वार्ड पार्षद विकास कुमार ने कहा कि जब तक बढ़े हुए टैक्स को वापस नहीं लिया जाता और जलजमाव, पेयजल तथा अन्य मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक तालाबंदी और धरना जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल होंगे.

जनता ने भी किया आंदोलन का समर्थन

स्थानीय लोगों ने भी प्रस्तावित आंदोलन का समर्थन किया है. उनका आरोप है कि नगर निगम की कई योजनाएं गुणवत्ताहीन हैं और विकास कार्यों की जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है. लोगों ने शहर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की है.

आंदोलन के प्रमुख मुद्दे

  • बिना जन-सहमति के टैक्स में कथित मनमानी बढ़ोतरी.
  • शहर में लंबे समय से जलजमाव की समस्या.
  • पेयजल संकट और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें.
  • जनहित के बजाय गैर-जरूरी कार्यों पर खर्च का आरोप.
  • नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prakash kumar

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >