Samastipur News: ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेंस कांग्रेस ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र लिखकर ट्रेनों के परिचालन व्यवस्था में बदलाव की मांग की है. यूनियन की ओर से रंजय यादव ने आवेदन देकर कहा कि मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड के पुनर्वितरण के बाद समस्तीपुर मंडल के अधिकार क्षेत्र में आने वाली ट्रेनों का परिचालन समस्तीपुर मंडल के लोको पायलटों से कराया जाना चाहिए.
कर्मचारियों के हित प्रभावित होने का दावा
यूनियन ने पत्र में कहा कि वर्तमान में समस्तीपुर मंडल की कई ट्रेनों का परिचालन सोनपुर मंडल के लोको पायलटों से कराया जा रहा है. इससे समस्तीपुर मंडल के रनिंग स्टाफ के कार्य-अधिकार, किलोमीटर माइलेज, आय और पदोन्नति के अवसर प्रभावित हो रहे हैं.
प्रशासनिक निर्णय पर उठाए सवाल
पत्र में कहा गया है कि कहीं भी ऐसा निर्देश नहीं है कि समस्तीपुर मंडल की ट्रेनों का संचालन अनिवार्य रूप से सोनपुर मंडल के लोको पायलटों से कराया जाए. इसके बावजूद ऐसा किया जाना कर्मचारियों के हितों के विपरीत और प्रशासनिक दृष्टि से उचित नहीं है.
समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस मामले का न्यायोचित समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारियों में असंतोष और बढ़ सकता है. इससे औद्योगिक सौहार्द प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
