समस्तीपुर: जंक्शन पर तीसरे फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए कंस्ट्रक्शन विभाग की ओर से मंगलवार को करीब दो घंटे का ब्लॉक लिया गया. इस दौरान छह गार्डर लॉन्च किये गये. ब्लॉक के कारण प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो से ट्रेन परिचालन पूरी तरह प्रभावित रहा.
ब्लॉक की वजह से सहरसा-मानसी रेलखंड पर सुबह से दोपहर तक 10 से अधिक मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें विलंब से चलीं. वहीं 63343 सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन को मंगलवार को रद्द कर दिया गया. ट्रेनों के विलंब से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सुबह 7:25 से 9:25 बजे तक रहा ब्लॉक
मंगलवार को सुबह 7:25 बजे से 9:25 बजे तक ब्लॉक लिया गया था. इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो से किसी भी ट्रेन का परिचालन नहीं किया गया. इसके कारण 63343 सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन को रद्द करना पड़ा.
ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनें घंटों विलंबित रहीं. 55566 समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर करीब चार घंटे, 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस करीब एक घंटा 30 मिनट, 15284 जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस करीब 60 मिनट और 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस करीब दो घंटे विलंब से चली.
इसके अलावा 04071 सुपौल-दिल्ली स्पेशल करीब दो घंटे, 05523 त्रिवेणीगंज-सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर करीब दो घंटे और 75287 सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर भी करीब दो घंटे विलंब से चली.
बुधवार को भी दो घंटे का ब्लॉक
तीसरे फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए कुल 11 गार्डर लॉन्च किये जाने हैं. इनमें से मंगलवार को छह गार्डर लॉन्च किये गये. बुधवार को शेष पांच गार्डर लॉन्च किये जायेंगे.
गार्डर लॉन्चिंग के कारण बुधवार को भी सुबह करीब दो घंटे का ब्लॉक लिया जायेगा. इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो से किसी भी ट्रेन का परिचालन नहीं होगा.
यह भी पढ़ें
उत्तर बिहार में 9 से 13 सितंबर तक बारिश के आसार, कई जिलों में वज्रपात का अलर्ट
