समस्तीपुर: शहर के काशीपुर स्थित केई इंटर स्कूल के समीप रविवार को सड़क किनारे लावारिस और असहाय हालत में मिले एक वृद्ध व्यक्ति को स्थानीय सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. वृद्ध व्यक्ति को तत्काल सहायता प्रदान करते हुए आईएमए हॉल, समस्तीपुर लाया गया है, जहां उनकी प्राथमिक देखरेख के साथ अल्पकालिक भोजन और आवास की व्यवस्था की जा रही है.
स्थायी पुनर्वास के लिए प्रशासन से गुहार
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सक डॉ. सौमेंदु मुखर्जी ने जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, समस्तीपुर के सहायक निदेशक को औपचारिक पत्र भेजकर बुजुर्ग के स्थायी पुनर्वास की गुहार लगायी है.
पत्र के माध्यम से प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि वृद्ध व्यक्ति की बढ़ती उम्र और असहाय स्थिति को देखते हुए उन्हें अविलंब किसी निकटतम वृद्धाश्रम या मुख्यमंत्री भिक्षुक निवारण योजना होम में स्थानांतरित कराया जाए.
नियमित भोजन और चिकित्सा सुविधा की जरूरत
प्रशासन से बुजुर्ग को ऐसे आश्रय स्थल पर रखने का अनुरोध किया गया है, जहां उन्हें नियमित भोजन, चिकित्सा सुविधा और दीर्घकालिक देखभाल मिल सके.
फिलहाल आईएमए हॉल में उनकी प्राथमिक देखभाल और अल्पकालिक भोजन-आवास की व्यवस्था की जा रही है. स्थायी पुनर्वास के लिए प्रशासनिक स्तर पर पहल का इंतजार है.
यह भी पढ़ें
व्यापारी को पिस्तौल दिखाकर 2 लाख रुपये और मोबाइल लूटा, विरोध पर फायरिंग की कोशिश का आरोप
