ट्रैफिक जाम रोसड़ा: जिले के रोसड़ा शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है. शुक्रवार को डाक बंगला चौक से महादेव मठ की ओर जाने वाले मार्ग पर बस पड़ाव के समीप दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही. सड़क पर अनियंत्रित तरीके से चल रही बसों, ऑटो और अन्य बड़े व्यावसायिक वाहनों के कारण आम राहगीरों और दोपहिया चालकों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी. जाम के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और घंटों आवागमन बाधित रहा.
शहर के प्रमुख चौराहों पर रेंगती रहीं गाड़ियां
शुक्रवार को सिर्फ बस पड़ाव ही नहीं, बल्कि रोसड़ा के कई अन्य प्रमुख मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था ध्वस्त नजर आई.
- प्रभावित प्रमुख मार्ग: सिनेमा चौक से गांधी चौक और बड़ी दुर्गा स्थान से अंबेडकर चौक तक दिनभर रुक-रुक कर महाजाम लगता रहा.
- जाम की मुख्य वजह: सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहनों की पार्किंग, मुख्य सड़कों पर अवैध अतिक्रमण और बड़े वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही.
- राहगीरों की परेशानी: बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों, स्कूली बच्चों और दफ्तर आने-जाने वाले कर्मियों को भीषण गर्मी में घंटों जूझना पड़ा.
ट्रैफिक पुलिस की निष्क्रियता पर फूटा लोगों का गुस्सा
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जाम लगने के दौरान उसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की कोई सक्रियता नजर नहीं आई. ट्रैफिक पुलिस के नदारद रहने से लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया और लोग बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रशासन को कोसते रहे. स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों ने प्रशासन से प्रमुख चौराहों पर नियमित ट्रैफिक पुलिस जवानों की तैनाती करने, सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने और नो-पार्किंग नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: पांच दिनों की तगड़ी रेकी के बाद निगरानी ने रिश्वतखोर महिला डीसीएलआर और दलाल को रंगेहाथ दबोचा
