रेलवे ट्रैफिक ब्लॉक: पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर यातायात को सुगम बनाने और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एनएचएआई के रोड ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई है. पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत मधेपुरा और बैजनाथपुर स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या 95 'बी' पर बनने वाले आधुनिक आरओबी के गर्डर लॉन्चिंग व तकनीकी कार्यों हेतु रेलवे ने ट्रैफिक व पावर ब्लॉक की घोषणा की है. इसके चलते सितंबर माह में विभिन्न तिथियों पर ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित व पुनर्निर्धारित रहेगा.
ट्रैफिक व पावर ब्लॉक का शेड्यूल
यह ब्लॉक मधेपुरा-बैजनाथपुर रेलखंड पर गाड़ी संख्या 75261 (सहरसा-पूर्णिया कोर्ट पैसेंजर) के गुजरने के बाद प्रभावी होगा:
- 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर: प्रातः 08:20 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक (4 घंटे).
- 26 सितंबर: प्रातः 08:20 बजे से पूर्वाह्न 11:20 बजे तक (3 घंटे).
ट्रेनों के परिचालन और समय में बड़ा बदलाव
ब्लॉक के कारण इस रूट की प्रमुख ट्रेनों के समय में निम्नानुसार समायोजन किया गया है:
- 55570 सहरसा-पूर्णिया पैसेंजर: 12, 13, 15, 17, 20 एवं 27 सितंबर को सहरसा से 90 मिनट देरी से खुलेगी. 26 सितंबर को सहरसा-बैजनाथपुर के बीच 40 मिनट नियंत्रित रहेगी.
- 15284 जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस: 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सिमरी बख्तियारपुर व सहरसा के बीच 60 मिनट नियंत्रित कर चलेगी.
- 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल: 12, 15 और 27 सितंबर को पूर्णिया कोर्ट से 90 मिनट पुनर्निर्धारित होकर खुलेगी. 26 सितंबर को बनमनखी और दौरम मधेपुरा के बीच 40 मिनट नियंत्रित रहेगी.
रेलवे प्रशासन के अनुसार अन्य मेल, एक्सप्रेस व मालगाड़ियों का परिचालन भी जरूरत के मुताबिक नियंत्रित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: शटर तोड़कर चोरी: श्रृंगार दुकान से 75 हजार नकदी समेत सवा लाख का माल पार, व्यापारियों में आक्रोश
