North Bihar Weather: उत्तर बिहार के किसानों और आम लोगों के लिए अगले पांच दिन मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा विभाग ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के सहयोग से 9 से 13 अगस्त 2026 तक का मध्यावधि मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है.
9 से 11 अगस्त के बीच बारिश की अधिक संभावना
पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में 9 से 11 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम वर्षा होगी. इस दौरान एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है.
वहीं 12 और 13 अगस्त को भी कई क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी जारी रहने का अनुमान है.
तापमान और उमस दोनों रहेंगे
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस अवधि में 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल सकती हैं. बारिश के बावजूद वातावरण में नमी अधिक रहने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है.
- अधिकतम तापमान: 31 से 35 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान: 26 से 28 डिग्री सेल्सियस
- सुबह की आर्द्रता: 80 से 90 प्रतिशत
- दोपहर की आर्द्रता: 50 से 60 प्रतिशत
किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा विभाग ने किसानों से मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
- खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें।
- धान की खड़ी फसल में जलजमाव न होने दें।
- फिलहाल सिंचाई का कार्य रोक दें।
- मौसम साफ होने पर ही कीटनाशकों का छिड़काव करें।
- बारिश और वज्रपात के दौरान पशुओं को खुले स्थान या पेड़ के नीचे न बांधें।
मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों से स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और कृषि संबंधी कार्य मौसम की स्थिति के अनुसार करने की सलाह दी है.
