ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने वाले 126 लोग चिन्हित, घर जाकर सत्यापन कर रही रेल पुलिस

रेल पुलिस ने समस्तीपुर रेल क्षेत्र में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल 126 लोगों को चिन्हित किया है. अब इन लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और सत्यापन किया जाएगा.

Train Stone Pelting: ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने वालों पर अब रेल पुलिस की पैनी नजर रहेगी. समस्तीपुर रेल क्षेत्र में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं में किसी न किसी रूप में पकड़े गए 126 लोगों को चिन्हित किया गया है. रेल पुलिस अब इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उनके घर जाकर सत्यापन भी कर रही है.

126 लोगों को किया गया चिन्हित

रेल पुलिस के अनुसार, समस्तीपुर रेल क्षेत्र में पूर्व में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं से जुड़े लोगों को चिन्हित किया गया है. इन लोगों के वर्तमान गतिविधियों की भी जानकारी जुटायी जा रही है.

पुलिस उनके घर पहुंचकर सत्यापन कर रही है. अगर संबंधित लोग अब सामान्य और शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे हैं तो कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी. वहीं, अगर दोबारा पत्थरबाजी या इस तरह की किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता सामने आती है तो उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी.

पत्थरबाजी करने वालों से भराया जाएगा बॉन्ड

रेल पुलिस की ओर से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती बरतने की तैयारी है. जरूरत पड़ने पर उनसे बॉन्ड भी भराया जाएगा, ताकि भविष्य में ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को रोका जा सके.

रेल पुलिस का उद्देश्य ट्रेनों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ ऐसे मामलों में दोबारा संलिप्त होने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करना है.

कई रेलखंडों पर हो चुकी है पत्थरबाजी

समस्तीपुर रेल मंडल के कई रेलखंडों पर ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आती रही हैं. हाल के दिनों में वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पत्थरबाजी की घटना सामने आयी थी. हालांकि वह मामला समस्तीपुर रेल क्षेत्र के बाहर का था.

ट्रेनों पर पत्थर फेंकने से यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है. इसके अलावा ट्रेन के शीशे और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचने के साथ परिचालन भी प्रभावित हो सकता है.

जागरूकता अभियान भी चला चुकी है रेल पुलिस

रेल पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जाता रहा है. इस दौरान लोगों को ट्रेनों पर पत्थरबाजी के नुकसान और ऐसी गतिविधियों में शामिल होने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जाती है.

रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने वालों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

यह भी पढ़ें

कटिहार-अमृतसर स्पेशल ट्रेन के 12 फेरे बढ़े, अब 25 नवंबर तक चलेगी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aman gautam

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >