ताजपुर रेफरल अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा

ताजपुर रेफरल अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया.

Samastipur News: ताजपुर रेफरल अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान बंगरा थाना क्षेत्र के रहीमाबाद निवासी विनोद राय की 24 वर्षीय पुत्री ऋतु कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया.

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरती गई और गलत सुई देने के कारण महिला की मौत हुई. उन्होंने दोषी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा मृतका के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की.

परिजनों का यह भी आरोप था कि रात में अस्पताल में चिकित्सक मौजूद नहीं थे और प्रसूता का इलाज आशा एवं ममता कर्मियों के भरोसे चल रहा था. उनका कहना था कि रविवार सुबह महिला की तबीयत बिगड़ने पर रेफर किया गया, लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस पहुंची, समझाने पर शांत हुए परिजन

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. इसके बाद रहीमाबाद गांव के सुजीत कुमार, रामबाबू राय, मिंटू कुमार समेत अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर परिजनों और ग्रामीणों को समझाया. उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद हंगामा शांत हुआ और परिजन शव को अपने साथ गांव ले गए.

अस्पताल प्रभारी ने आरोपों से किया इनकार

अस्पताल प्रभारी डॉ. सोनेलाल राय ने परिजनों के आरोपों से इनकार किया. उन्होंने बताया कि रात में एक महिला चिकित्सक की ड्यूटी लगी थी. उनके अनुसार, प्रसव के लिए भर्ती महिला रविवार सुबह तक सामान्य स्थिति में थी. उसे डिलीवरी रूम ले जाया जा रहा था, तभी उसे कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई.

फिलहाल मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और अस्पताल प्रशासन के पक्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >