Vibhutipur Crime News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा डीह गांव से घरेलू हिंसा और मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़िता ज्योति कुमारी ने थानाध्यक्ष को आवेदन देकर अपने सास, ससुर, जेठ-जिठानी और परिवार के अन्य सदस्यों पर मारपीट, प्रताड़ना और हत्या की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है. थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि आवेदन मिला है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
बच्ची के जन्म के बाद प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, उसने 3 मई 2026 को प्रसव के जरिए एक बच्ची को जन्म दिया था. आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद से ही उसके ससुर उपेन्द्र मलिक, सास सुशीला देवी, जेठ मदन मलिक, जिठानी अनिता देवी और ननद गुड़िया कुमारी उसे प्रताड़ित करने लगे.
पीड़िता का कहना है कि उसका पति अमलेश मलिक मजदूरी के सिलसिले में बाहर चला गया. इसके बाद ससुराल के अन्य सदस्यों का कथित अत्याचार और बढ़ गया.
छठियारी में मिले सामान गायब करने का आरोप
ज्योति कुमारी ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की छठियारी के दौरान मायके और अन्य लोगों की ओर से मिले बर्तन, कपड़े तथा सोने-चांदी के गहने सास-ससुर और ससुराल के अन्य सदस्यों ने गायब कर दिए.
पीड़िता के अनुसार, जब उसने सामान के बारे में पूछताछ की तो उसके साथ गालीगलौज और मारपीट की गयी.
बाल पकड़कर जमीन पर पटकने का आरोप
आवेदन में बताया गया है कि 5 अगस्त की शाम करीब चार बजे ज्योति ने गायब हुए सामान के बारे में दोबारा पूछा. आरोप है कि इसके बाद ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
पीड़िता का आरोप है कि उसकी ननद गुड़िया कुमारी ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया. इस दौरान उसका सिर दीवार से जा टकराया और वह गंभीर रूप से चोटिल हो गयी.
पिस्तौल और लोहे की छड़ दिखाकर धमकाने का आरोप
पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ अन्य लोगों के साथ भी आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया.
उसका यह भी आरोप है कि आरोपी पिस्तौल और लोहे की छड़ लेकर पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के संबंध में पीड़िता ने विभूतिपुर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जांच के बाद आरोपों की सत्यता और मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें
बिथान में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर स्कूलों को जारी हुए निर्देश
