Bank of Maharashtra Robbery Case:अपराधियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस ने बढ़ाई दबिश, संदिग्धों से पूछताछ

नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर मोहल्ला स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में 15 लाख नकद और 9.75 किलोग्राम स्वर्ण आभूषण की हुई डकैती मामले में तीसरे दिन भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची.

Bank of Maharashtra Robbery Case:समस्तीपुर: नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर मोहल्ला स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में 15 लाख नकद और 9.75 किलोग्राम स्वर्ण आभूषण की हुई डकैती मामले में तीसरे दिन भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची. न तो लूटे गए नकद और सामान मिला और न ही डकैतों का पता चल पाया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज व टावर डंपिंग के सहारे जांच में जुटी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआइटी और जिला पुलिस की डीआइयू टीम ने गुरुवार को समस्तीपुर और सीमावर्ती वैशाली जिला में अपराधियों के कई संभावित ठिकानों पर दबिश बनाई. सूत्रों की मानें पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने समस्तीपुर में पांच संदिग्ध को उठाया और संदेह के आधार पर उनसे पूछताछ की. इसके अलावे पुलिस ने अपराधियों के द्वारा बैंक कर्मी और ग्राहकों के छिने मोबाइल को बरामद कर लिया है, जिसे अपराधियों ने रास्ते में ही सड़क पर फेंक दिया था. घटना में संलिप्त अपराधियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही है. पुलिस की टेक्निकल टीम घटनास्थल से अपराधियों के भागने की दिशा में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. वहीं पुलिस की एसआइटी व डीआइयू टीम अपराधियाें की पहचान में जुटी है.

पुलिस की डीआइयू और एसआइटी ने समस्तीपुर और वैशाली जिला में अपराधियों ने संभावित ठिकानों पर की छापेमारी, संदिग्धों से पूछताछ

अबतक की छानबीन में अपराधियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है. घटना को लेकर पहले से लूट डकैती में फरार और हालही में जेल से जमानत पर छूटे कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध है. जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. खासकर बैंक और सोना लूट करने वाले गिरोह पर पुलिस की पैनी नजर है. अपराधियों के तलाश में दूसरे सीमावर्ती जिलों में भी पुलिस काम कर रही है. घटनास्थल के आसपास प्राप्त सीसीटीवी फुटेज को अन्य जिलों में भी भेजा गया है. ताकि उनकी पहचान आसानी से कर ली जाए और तत्काल गिरफ्तारी हो जाए. फिलहाल अनुसंधान प्रभावित होने के चलते पुलिस इस मामले में कुछ बताने से परहेज कर रही है.

अपराधियों की मुखबिरी की आशंका, लोकल लाइनर की तलाश

घटना में लोकल लाइनर के भी शामिल होने के बात सामने आ रही है. पुलिस को शक है कि शहर के सघन आबादी वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े बैंक लूट की घटना बिना सटीक मुखबिरी के नहीं हो सकता है. घटनास्थल के आसपास जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे को खंगाला. इस दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कई अहम सुराग मिला. सूत्रों की मानें तो सीसीटीवी फुटेज में घटना के वक्त बैंक शाखा के नीचे संदिग्ध गतिविधि वाले एक व्यक्ति का हुलिया नजर आया, जो घटनास्थल से अपराधियों के साथ ही भाग निकला. पुलिस उसकी पहचान कर रही है.

जिले में बैंक लूट की अबतक की सबसे बड़ी घटना, पुलिस के लिए चुनौती

नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर मोहल्ला स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने धावा बाेलकर 15 लाख 2 हजार 791 रुपये नकद और 9.75 किलोग्राम स्वर्णाभूषण डकैती कर लिया. सुबह साढे 11 बजकर 45 मिनट में पहले दो बदमाश ग्राहक बनकर बैंक के अंदर धुसा था. वह बैंक कर्मी से अकाउंट खोलने की जानकारी ले रहा था. तभी पीछे से पांच और बदमाश बैंक के अंदर घुस गया. वे सभी कमर से पिस्टल निकालकर अपनी अपनी पोजिशन में आ गए. अपराधियों ने पिस्टल की नोंक पर बैंक कर्मी और ग्राहकों को बंधक बना लिया और तिजोरी से नकद रुपये और गोल्ड लोन के स्वर्णाभूषण लूट लिया. इस दौरा बदमाशों ने बाथरुम में बैंक कर्मी और ग्राहकों को बंद कर लिया और उनके मोबाइल भी छिन लिया. अपनी पहचान छिपाने के लिए बदमाशों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्डडिस्क भी उड़ा ले गए. इस घटना के संबंध में बैंक के शाखा प्रबंधक शानू कुमार ने नगर थाना में एक आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसमें बैंक के तिजोरी से 15 लाख 2 हजार 791 रुपये नकद और 9. 75 किलोग्राम स्वर्णाभूषण लूट की शिकायत है. इसके अलावे बैंक कर्मी और ग्राहक के नौ मोबाइल, सीसीटीवी कैमरे का हार्डडिस्क सहित कई दस्तावेज गायब करने की शिकायत है. लूटे गए स्वर्णाभूषण की अनुमानित कीमत 7.5 करोड़ बताई गई है. बतादें कि यह समस्तीपुर जिले में बैंक लूटकांड की अबतक की सबसे बड़ी घटना मानी जा रही है. इसको लेकर पुलिस चुनौतीपूर्ण तरीके से इसपर काम कर ही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PREM KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >