जवाहर नवोदय विद्यालय बिरौली में कक्षा छह के नामांकन शुरू, 31 जुलाई तक करें आवेदन

जवाहर नवोदय विद्यालय बिरौली में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है. इच्छुक छात्र 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. जानें प्रवेश परीक्षा की तिथि और योग्यता मापदंड.

Navodaya Vidyalaya Admission: समस्तीपुर जिला अंतर्गत पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय बिरौली में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में नामांकन लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है. इच्छुक एवं योग्य छात्र-छात्राएं आगामी 31 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन सबमिट कर सकते हैं. इस सत्र के लिए चयन परीक्षा की संभावित तिथि 28 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है. विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य आरएस झा ने बताया कि जिले के सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में वर्तमान में कक्षा पांच में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं ही इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए आवेदन के पात्र माने जाएंगे.

जानिए क्या हैं योग्यता के कड़े मापदंड और सीटों का गणित

नामांकन के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना अनिवार्य है. इसके अलावा अभ्यर्थी को समस्तीपुर जिले का मूल निवासी होना चाहिए और उसकी प्राथमिक पढ़ाई भी समस्तीपुर जिले के ही किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से पूरी हुई हो. प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि आगामी सत्र 2027-28 में कुल 80 सीटों पर मेधावी बच्चों का नामांकन लिया जाएगा. भारत सरकार के नियमों के मुताबिक सभी आरक्षित वर्गों के लिए सीटें पूरी तरह सुरक्षित की गई हैं. जिला पदाधिकारी (डीएम) इस प्रतिष्ठित विद्यालय के पदेन अध्यक्ष होते हैं.

विद्यालय में मिलने वाली उत्कृष्ट सुविधाएं और आधुनिक शिक्षा

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री योजना से जुड़े इस अनूठे विद्यालय में अत्याधुनिक कौशल विकास आधारित विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है. नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पाठ्य पुस्तकें, वर्दी एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध हैं. साथ ही छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और एसपीसी सहित विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की भी उत्कृष्ट व्यवस्था है. इसके अतिरिक्त दक्षिणा, निवृति एवं एक्स नवोदयन फाउंडेशन जैसी विशेष सुविधाएं भी मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रदान की जाती हैं.

ये भी पढ़ें:मोरवा में 'प्रभात खबर' की रिपोर्ट का बड़ा असर, जर्जर झोपड़ियों वाले आंगनबाड़ी केंद्र होंगे शिफ्ट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >