Dalsinghsarai News: प्रखंड परिसर स्थित पंचायत समिति भवन में सोमवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार ने की. इस दौरान उप प्रमुख पिंकी देवी और कार्यपालक पदाधिकारी-सह-बीडीओ राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
नल-जल योजना की समस्या पर जताई नाराजगी
बैठक में प्रखंड प्रमुख समेत पंचायत समिति सदस्यों ने पूरे प्रखंड क्षेत्र में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. सदस्यों ने कहा कि जलापूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की.
बिजली आपूर्ति पर भी हुई चर्चा
भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया. पंचायत समिति सदस्यों ने नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा.
विकास योजनाओं पर बनी रणनीति
बैठक में 16वें वित्त आयोग की गाइडलाइन के तहत पंचायत समिति सदस्यों से विकास योजनाओं के प्रस्ताव लिए गए, जिनका आगामी दिनों में कार्यान्वयन किया जाएगा.
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब भी दिया.
बैठक में बीपीआरओ अजय कुमार, सीओ मो. जमशेद, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
