Samastipur: कमरे में बंद कर जूनियर छात्रों को बेल्ट से पीटा, नवोदय के 21 सीनियर छात्र निष्कासित

पूस स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा सातवीं के जूनियर छात्रों को कक्षा आठवीं के 35 सीनियर छात्रों ने कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा. घटना में आठ छात्र घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. विद्यालय प्रबंधन ने 21 दोषी छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निष्कासित कर दिया है.

Jawahar Navodaya Vidyalaya Samastipur: पूसा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरौली में शनिवार रात कक्षा आठवीं के छात्रों द्वारा कक्षा सातवीं के जूनियर छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि 35 सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को कमरे में बंद कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. घटना में आठ छात्र घायल हुए, जिन्हें शिक्षकों की निगरानी में अनुमंडलीय अस्पताल पूसा में भर्ती कराया गया. मामले में विद्यालय प्रबंधन ने 21 दोषी छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निष्कासित कर दिया है.

कमरे में बंद कर जूनियर छात्रों की पिटाई का आरोप

बताया गया कि कक्षा आठवीं के सीनियर छात्र अपने जूनियर छात्रों से कमरे की साफ-सफाई, झाड़ू-पोछा समेत अन्य काम कराते थे. आरोप है कि ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर भी सीनियर छात्र बीमारी का बहाना बनाकर कमरे में मंगवाते थे.

खाना उपलब्ध कराने से मेस इंचार्ज के इनकार करने पर कथित तौर पर सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद उन्हें एक-एक कर पानी पिलाया गया और बेल्ट से मारपीट की गयी.

मारपीट में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये.

आठ घायल छात्रों का अस्पताल में कराया गया इलाज

घटना के बाद बुरी तरह घायल आठ छात्रों को शिक्षकों की देखरेख में अनुमंडलीय अस्पताल पूसा ले जाया गया. वहां पूरी रात उनका इलाज कराया गया.

घटना की जानकारी सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की.

21 छात्रों को विद्यालय से किया गया निष्कासित

प्रभारी प्राचार्य आरएस झा ने बताया कि कक्षा सातवीं के छात्रों को कमरे में बंद कर सीनियर छात्रों द्वारा मारपीट करना बेहद निंदनीय और गंभीर अपराध है.

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले में दोषी पाये गये 21 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गयी है. सभी 21 छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है. अभिभावकों की मौजूदगी में उन्हें स्थायी रूप से घर भेज दिया गया.

शेष छात्रों की निगरानी बढ़ायी गयी

घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने शेष छात्रों की निगरानी भी कड़ी कर दी है. प्रबंधन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय गरीब और प्रतिभावान बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के उद्देश्य से संचालित किये जाते हैं. ऐसे संस्थान में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है.

यह भी पढ़ें

Samastipur News: हापा-नाहरलगुन स्पेशल अब नियमित एक्सप्रेस, शाहपुर पटोरी समेत कई स्टेशनों पर ठहराव

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Subash chandra ku

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >