नामापुर दोहरे हत्याकांड में तीन मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दो पर था ₹25 हजार का इनाम

समस्तीपुर जिले के चकमेहसी में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दो इनामी समेत तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आपसी वर्चस्व की बात सामने आई है।

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव में 7 जुलाई को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनमें दो आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

दो इनामी समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुलाब राय, अहमद उर्फ बाबा तथा शशिरंजन ठाकुर उर्फ गोलू के रूप में हुई है.

रविवार को पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि तीनों आरोपितों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. इनके विरुद्ध हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट और शराब से जुड़े दर्जनभर से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं.

एसपी के अनुसार, गुलाब राय और अहमद उर्फ बाबा पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. दोनों लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे.

यह भी पढ़ें: सेना के जवान के बंद मकान में लाखों की चोरी, CCTV का DVR भी ले गए चोर

विशेष टीम ने की गिरफ्तारी

एसपी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 संजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. छापेमारी में चकमेहसी थाना, कल्याणपुर थाना और डीआईयू की टीम शामिल रही.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में घटना के पीछे आपसी वर्चस्व का विवाद सामने आया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

एक अन्य इनामी अपराधी भी गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि डीआईयू टीम ने अलग कार्रवाई करते हुए कल्याणपुर थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित तथा 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मो. इकबाल अंसारी उर्फ भोला को भी गिरफ्तार किया है.

क्या है मामला

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव में अपराधियों ने प्रभात चौधरी और उनके सहयोगी सन्नी कुमार को घर से बुलाकर गोली मार दी थी, जिससे दोनों की मौत हो गई.

इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 14 नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी. पुलिस का कहना है कि शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >