पहले खेत में छिपाई लाश, फिर टुकड़े कर फेंका, मोरवा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा

समस्तीपुर के पुरुषोत्तमपुर में मिले नरकंकाल ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी है. पुलिस जांच में हत्या के बाद शव को छिपाने और पहचान मिटाने के लिए टुकड़े कर फेंकने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. डीएनए और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है.

Samastipur News: समस्तीपुर के मोरवा प्रखंड अंतर्गत हलई थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर दक्षिणी पंचायत में मिले नरकंकाल मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस को आशंका है कि लक्ष्मेश्वर सिंह उर्फ लाछो सिंह की हत्या के बाद शव को पहले खेत में छिपाया गया और बाद में पहचान तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके टुकड़े कर विभिन्न स्थानों पर फेंक दिए गए. मामले की सच्चाई अब डीएनए और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी.

हत्या के बाद खेत में छिपाया गया था शव

ग्रामीणों के अनुसार हत्या के बाद शव को एक खेत में छिपा दिया गया था. करीब 15 दिन पहले कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी. इसकी भनक लगते ही साजिशकर्ताओं ने कथित तौर पर शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए, ताकि पहचान और साक्ष्य दोनों मिटाए जा सकें.

पुलिस ने जुटाए शव के अवशेष, फॉरेंसिक जांच जारी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विभिन्न स्थानों से मिले शव के सभी अवशेष एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए. पुलिस का कहना है कि डीएनए जांच के बाद ही मृतक की आधिकारिक पहचान और हत्या की पुष्टि की जाएगी.

खेत की जुताई के दौरान मिला था नरकंकाल

बताया जाता है कि वार्ड संख्या तीन निवासी लक्ष्मेश्वर सिंह उर्फ लाछो सिंह करीब डेढ़ महीने से लापता थे. खेत की जुताई के दौरान नरकंकाल बाहर निकलने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पैर में स्टील प्लेट होने के कारण ग्रामीण उसकी पहचान लाछो सिंह के रूप में कर रहे हैं, हालांकि पुलिस वैज्ञानिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

बेटे को दिल्ली से बुलाया, परिजनों के सैंपल लिए जाएंगे

पुलिस ने मृतक के भाई से पूछताछ की है और बेटे को दिल्ली से बुलाया गया है. जरूरत पड़ने पर बेटियों के भी डीएनए सैंपल लिए जाएंगे. रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम संस्कार और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

घटना को लेकर इलाके में अवैध संबंध के कारण हत्या की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी भी बात की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और फॉरेंसिक व डीएनए रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj kumar verma

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >