Samastipur News: जिले के हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रवारा पंचायत के पुरुषोत्तमपुर दक्षिणी पंचायत में मिले लाछो सिंह के शव के मामले में एक नया और सनसनीखेज खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने हत्या करने के बाद शव को एक खेत में छुपा दिया था. करीब 15 दिन पहले जब कुछ लोगों ने शव को देखा और इसकी भनक साजिशकर्ताओं को लगी, तो साक्ष्य मिटाने और पहचान छुपाने की नीयत से शव को टुकड़े-टुकड़े में काटकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया गया.
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए शव के टुकड़े, डीएनए रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची हलई थाना पुलिस ने मामले की गहनता से छानबीन करते हुए शव के सभी टुकड़ों को एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में वैधानिक पुष्टि के लिए परिजनों का सैंपल लेकर डीएनए (DNA) जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही मामले का आधिकारिक खुलासा होगा. हालांकि, स्थानीय स्तर पर मृतक की पहचान सार्वजनिक हो चुकी है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी.
खेत जुताई के दौरान निकला था नरकंकाल, पैर में लगे स्टील से हुई पहचान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड 3 निवासी लक्ष्मेश्वर सिंह उर्फ लाछो सिंह की हत्या करीब डेढ़ महीना पहले कर दी गई थी और शव को खेत में गाड़ दिया गया था. खेत की जुताई के क्रम में जब नरकंकाल बाहर निकला, तो कुछ ग्रामीणों ने फोटो खींचकर छानबीन शुरू की. इस बात की जानकारी होते ही आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए कंकाल के टुकड़े कर दिए. हालांकि, मृतक के पैर में स्टील लगा होने की वजह से परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी प्राथमिक पहचान कर ली.
इंस्पेक्टर पवन कुमार ने परिजनों से की पूछताछ, अवैध संबंध की आशंका
घटनाक्रम को लेकर इंस्पेक्टर पवन कुमार और पुलिस टीम ने मृतक के भाई व अन्य परिजनों से पूछताछ की है. पुलिस अब इस बात से आश्वस्त है कि लाछो सिंह की हत्या की गई है, जिसकी वैज्ञानिक पुष्टि फॉरेंसिक और डीएनए रिपोर्ट से होना बाकी है. वहीं, क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म है और घटना के पीछे अवैध संबंध के कारण हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
दिल्ली से बुलाया गया बेटा, रिपोर्ट के बाद ही होगा अंतिम संस्कार
पुलिस का कहना है कि जिस समय लाछो सिंह गायब हुआ था, उस समय परिजनों द्वारा गुमशुदगी की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी. फिलहाल कानूनी प्रक्रियाओं और पोस्टमार्टम/फॉरेंसिक रिपोर्ट आने तक शव का अंतिम संस्कार संभव नहीं है. डीएनए सैंपल के मिलान के लिए मृतक के बेटे को दिल्ली से बुलाया गया है और बेटियों को भी बुलाया जा सकता है. सैंपल लैब भेजने के बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर के लाल का ब्रिटेन में बजा डंका, कनिष्क नारायण बने यूके के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री
