Samastipur News: मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के ग्वालगढ़ में रविवार की सुबह वाया नदी में डूबने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. मृतका की पहचान विकास पासवान की पुत्री सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
नदी किनारे खेलते समय हुआ हादसा
बताया जाता है कि सृष्टि कुमारी घर के पास नदी किनारे खेल रही थी. इसी दौरान अचानक वह फिसलकर वाया नदी के गहरे पानी में गिर गयी. बच्ची को नदी में गिरता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया. स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बच्ची को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने विधायक राजेश कुमार सिंह और प्रशासन को भी दी.
विधायक प्रतिनिधि ने परिजनों को दिया सहयोग का भरोसा
घटना के बाद विधायक प्रतिनिधि रवीश कुमार सिंह मृत बच्ची के घर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहयोग दिया और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: युवती का अपहरण कर बंधक बनाने और दुष्कर्म का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR
