समस्तीपुर: मोहिउद्दीननगर प्रखंड के आरबीएस कॉलेज, अंदौर की कुव्यवस्था से खिन्न छात्रों ने सोमवार को प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रधान सहायक की कथित कार्यशैली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. छात्रों की मांगों के प्रति कॉलेज प्रशासन द्वारा अब तक गंभीरता नहीं दिखाये जाने को लेकर छात्रों ने आक्रोश जताया.
शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होने का आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियां लगातार गिरती जा रही हैं, जबकि कभी यह कॉलेज जिले में अव्वल हुआ करता था. इससे कॉलेज में नामांकित हजारों गरीब तबके के छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है.
छात्रों के अनुसार, कॉलेज में शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. खेल सामग्री नहीं होने के कारण खेलकूद की गतिविधियां सिर्फ कागजों तक सिमटकर रह गयी हैं. प्रतिभावान छात्रों को खेलकूद के लिए उचित मंच नहीं मिलने से उनमें निराशा बढ़ रही है.
शिक्षक समय पर नहीं पहुंचते, बायोमैट्रिक बंद
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि पर्याप्त संख्या में शिक्षक होने के बावजूद उनकी उपस्थिति कॉलेज में समय पर नहीं होती है. वहीं, बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम भी कई महीनों से बंद पड़ा है.
छात्रों ने बीते दिनों कॉलेज में आयोजित खेलो इंडिया कार्यक्रम का भी मुद्दा उठाया. उनका आरोप है कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का खेलकूद प्रभारी द्वारा मनमाने तरीके से पुरस्कार के लिए चयन किया गया, जिससे कई वास्तविक प्रतिभागी इससे वंचित रह गये.
नामांकन और प्रायोगिक परीक्षा में आर्थिक शोषण का आरोप
छात्रों ने कॉलेज में नामांकन और प्रायोगिक परीक्षा के दौरान आर्थिक शोषण का भी आरोप लगाया. उनका कहना है कि कॉलेज की गतिविधियों में संलग्न समूह द्वारा छात्रों से आर्थिक राशि ली जाती है. छात्रों ने कॉलेज में भेदभाव किये जाने का भी आरोप लगाया.
कॉलेज में प्राचार्य के अनुपस्थित रहने के कारण इस संबंध में उनका पक्ष नहीं जाना जा सका.
13 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन
छात्रों की प्रमुख मांगों में नियमित वर्ग संचालन, पुस्तकालय खोलना, प्रायोगिक कक्षाओं का संचालन, खेल सामग्री उपलब्ध कराना और कॉलेज की आधारभूत संरचनाओं का विकास शामिल है.
प्रदर्शन के बाद आरबीएस कॉलेज युवा मंच से जुड़े छात्र दिवांशु कुमार, प्रिंस कुमार, मंजीत कुमार, इल्लू कुमार, आयुष कुमार, शुभम झा, छोटू कुमार, सत्यम झा आदि ने 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रो. रवि प्रकाश और प्रधान सहायक अमरेंद्र कुमार को सौंपा.
छात्रों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो वे विवश होकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
यह भी पढ़ें
मार्निंग वॉक के लिए निकले अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव
