Samastipur News:बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मास्टर ट्रेनरों को मिला प्रशिक्षण

जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर एवं असेंबली लेवल मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण दिया गया.

Samastipur News:समस्तीपुर : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर एवं असेंबली लेवल मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण दिया गया. मौके पर कुल 326 महिला व पुरुष मास्टर ट्रेनर शामिल हुए. प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मास्टर ट्रेनरों से बारी-बारी से प्रश्न पूछकर उनकी जानकारी की जांच की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि सभी मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण का बुकलेट उपलब्ध कराई जाये, ताकि वे आगामी प्रशिक्षण में पोलिंग पार्टियों को सही ढंग से मार्गदर्शन कर सकें. जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण 24 सितंबर बुधवार से शहर के संत कबीर महाविद्यालय के 21 कमरों में कोटी वार प्रारंभ होगा, जिसमें मॉक पोल की प्रक्रिया एवं चुनाव कराने की बारीकियां से अवगत कराया जाएगा. मतदान से पूर्व मॉक पोल अनिवार्य है. पोलिंग एजेंट का 15 मिनट तक इंतजार किया जाएगा, पोलिंग एजेंट की अनुपस्थित रहने पर पोलिंग पार्टी की उपस्थिति में मॉक पोल होगा. मॉक पोल में प्रत्येक प्रत्याशी को कम से कम एक-एक वोट और कुल 50 वोट डालने होंगे.इसके बाद मतगणना कर ईवीएम और वीवीपैट का मिलान किया जायेगा. प्रक्रिया पूरी होने पर पीठासीन पदाधिकारी रिपोर्ट-1 तैयार करेंगे, एजेंटों से हस्ताक्षर करायेंगे और कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट मशीन को सील कर वास्तविक मतदान शुरू करेंगे. डीएम ने सभी मास्टर ट्रेनरों को यह भी निर्देश दिया कि निर्वाचन आचार संहिता का पालन सख्ती से कराया जाये. मतदान केंद्रों पर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की विशेष सुविधा सुनिश्चित की जाये. साथ ही वीवीपैट पर्चियों की गिनती, आपातकालीन परिस्थितियों के प्रबंधन व मतदान केंद्रों पर शांति एवं निष्पक्षता बनाये रखने पर विशेष ध्यान दिया जाये. डीएम ने कहा कि मास्टर ट्रेनरों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है. उनके प्रशिक्षित होने से ही पोलिंग पार्टियों को सही प्रशिक्षण मिलेगा और निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं सफल हो सकेगी. इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, ओएसडी अली इकराम, डीपीओ एसएसए जमालुद्दीन, डीपीओ (एसएमएस) प्रेम शंकर झा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, मुख्य प्रशिक्षक सतीश कुमार यादव, तनवीर आलम, अंजनी कुमार पांडेय, पवन कुमार, मंगलेश कुमार, कुमार लोक आशीष सहित कई मास्टर ट्रेनर उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >