Khudneshwar Dham: सावन की पहली सोमवारी पर सोमवार को प्रखंड स्थित प्रसिद्ध खुदनेश्वर धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ने की संभावना है. जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे. इसे लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई है. सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है.
जेवर पहनकर नहीं आने की अपील
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा ने श्रद्धालुओं से सोने-चांदी के जेवर पहनकर मंदिर और मेला परिसर में नहीं आने की अपील की है. रविवार देर रात से ही समस्तीपुर, दरभंगा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली समेत विभिन्न जिलों से कांवरियों का पहुंचना शुरू हो गया.
गहरी है श्रद्धालुओं की आस्था
खुदनेश्वर धाम के स्वयंभू शिवलिंग के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है. मान्यता है कि यहां सच्चे मन से जलाभिषेक करने पर भगवान शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं. मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: पहली सोमवारी पर थानेश्वर स्थान मंदिर में विशेष तैयारी, सुबह 4 बजे खुलेंगे कपाट
