Samastipur News: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के तहत समस्तीपुर जिले में भी युवाओं के साथ खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश के खेल क्षेत्र में पिछले वर्षों में हुए बदलावों और विकास से अवगत कराने के साथ खेलों को लेकर उनके विचार एवं सुझाव जानना है.
दो कॉलेजों में होगा खेलो इंडिया संवाद
समस्तीपुर में खेलो इंडिया संवाद का आयोजन समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर और जीएमआरडीसी कॉलेज, मोहनपुर में किया जाएगा. इसमें बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, खेल प्रेमी, माई भारत के स्वयंसेवक और स्थानीय खिलाड़ी शामिल होंगे.
कार्यक्रम में युवाओं को खेल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा.
खेल सुविधाओं से लेकर 2036 ओलंपिक तक पर चर्चा
संवाद के दौरान खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रतिभाओं की पहचान एवं प्रोत्साहन और जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा युवा नेतृत्व, 2036 ओलंपिक की तैयारियों और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषय भी संवाद का हिस्सा होंगे.
युवाओं से उनके सुझाव और विचार भी लिए जाएंगे, ताकि खेल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और संभावनाओं को लेकर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके.
केंद्रीय मंत्री भी होंगे मौजूद
समस्तीपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राम नाथ ठाकुर और केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय की उपस्थिति रहेगी.
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित खेलो इंडिया संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को संबोधित करेंगे. देशभर में करीब 1600 स्थानों पर लाखों युवाओं के इस संवाद से जुड़ने की परिकल्पना की गई है.
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवाओं, खिलाड़ियों और माई भारत स्वयंसेवकों के बीच संवाद आयोजित किया जाएगा.
खेल और युवा भागीदारी को मिलेगा बढ़ावा
समस्तीपुर में आयोजित यह कार्यक्रम जिले के युवाओं को खेल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, नई संभावनाओं और सरकार की खेल संबंधी पहलों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. इसके साथ ही विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: जिला नियोजनालय में 170 पदों पर बंपर भर्ती, सात प्रखंडों में लगेगा जॉब कैंप
