Samastipur News: दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतका के भाई के आवेदन पर चकमेहसी थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के भाई दीपक कुमार, निवासी बासुदेवपुर गांव, ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी बहन ज्योति कुमारी की शादी फरवरी 2026 में हुई थी. शादी से पहले 21 लाख रुपये दिए गए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे.
आवेदन के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर ज्योति कुमारी के साथ लगातार मारपीट की जाती थी. आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया.
पति समेत पांच लोग नामजद
प्राथमिकी में करुआ गांव निवासी मृतका के पति पंकज कुमार सिंह, सास प्रमिला देवी, देवर जितेंद्र कुमार, ननद संजना कुमारी तथा लदौरा गांव निवासी महेश कुमार को नामजद किया गया है. आवेदन में बताया गया है कि पंकज कुमार सिंह रेलवे में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कार्यरत हैं.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
चकमेहसी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सहनी ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पुलिस केंद्र के सिपाही की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत, गांव में मातम
