पांच दिनों से बिजली गुल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

कल्याणपुर के जटमलपुर में पांच दिनों से बिजली बाधित होने के कारण आक्रोशित ग्रामीणों ने समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य पथ को जाम कर विरोध जताया।

Kalyanpur Power Cut: कल्याणपुर प्रखंड के तीरा, खरसंड पश्चिमी, खरसंड पूर्वी, जटमलपुर ढाब समेत कई गांवों में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया.

बिजली नहीं मिलने से नल-जल योजना भी प्रभावित

ग्रामीण शम्भू राम, राकेश कुमार ठाकुर, कृपाशंकर शर्मा, रुनझुन चौधरी और धीरज कुमार शर्मा ने बताया कि लगातार पांच दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत संचालित हर घर नल-जल योजना, लघु उद्योग और घरेलू कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं.

बांस-बल्ला लगाकर किया सड़क जाम

बिजली संकट से नाराज लोगों ने जटमलपुर घाट पर समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया. जाम के कारण यात्रियों, विद्यालय जाने वाले शिक्षकों, न्यायालय जा रहे पुलिस पदाधिकारियों और अन्य राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ग्रामीणों का आरोप था कि शिकायत करने पर बिजली विभाग के एक अधिकारी ने फोन पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया.

प्रशासन के समझाने पर खत्म हुआ आंदोलन

सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें वापस लौटा दिया. बाद में बीडीओ अरविंद कुमार, सीओ शशिरंजन और थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया.

स्थानीय लोग बिजली विभाग के चकमेहसी जेई अशोक कुमार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे. अधिकारियों ने मोबाइल पर जेई से बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया.

बिजली विभाग ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

अधिकारियों ने नए तार लगाने और मानक के अनुरूप वोल्टेज उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया. वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने भी फोन पर लोगों से जाम समाप्त करने की अपील की.

बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है. भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 75 ग्राम हेरोइन के साथ अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार, होम थिएटर में छिपाकर ला रहा था नशा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >